महान छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “मोर पूजा के थारी” का हुआ शुभ मुहूर्त राकेश न्यूज़ एजेंसी, जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के लिए एक हर्ष का विषय है कि महान छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “मोर पूजा के थारी” का शुभ मुहूर्त 7 मार्च को कवर्धा जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर परिक्षेत्र में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न किया गया।
यह फिल्म श्री राम फिल्म प्रोडक्शन हाउस एवं विजय कुमार पांडे प्रोडक्शन हाउस के तत्वावधान में बनाई जा रही है। इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक विजय कुमार पांडे, निर्माता रामनाथ साहू, फिल्म की मुख्य अभिनेत्री प्रियांशी जायसवाल सहित फिल्म से जुड़े अन्य कलाकार एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
फिल्म के शुभ मुहूर्त के दौरान भोरमदेव मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर फिल्म की शूटिंग की शुरुआत की गई। इस अवसर पर सभी कलाकारों और निर्माताओं ने फिल्म की सफलता के लिए भगवान से आशीर्वाद भी लिया।
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री प्रियांशी जायसवाल, जो कि जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर की रहने वाली हैं, इस फिल्म में लीड रोल में नजर आएंगी। जब हमारे रिपोर्टर ने उनसे टेलीफोनिक माध्यम से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली फिल्म है और इस फिल्म में काम करने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि “मोर पूजा के थारी” जैसी पारिवारिक फिल्म में मुख्य भूमिका निभाना उनके लिए एक बड़ा अवसर है और वह अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने का पूरा प्रयास करेंगी।
फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि वर्ष 2026 में इस फिल्म का शुभ मुहूर्त होना छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक अच्छा संकेत है। यह फिल्म छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को दर्शाने वाली एक महत्वपूर्ण फिल्म साबित हो सकती है।
रिपोर्ट – राकेश कुमार साहू
राकेश न्यूज़ एजेंसी, जांजगीर-चांपा।





