बीरनपुर कांड पर बनी फिल्म “बीरनपुर फाइल्स” में दिखेगी सच्ची कहानी

 रिपोर्टर: राकेश कुमार साहू, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)

छत्तीसगढ़ के चर्चित बीरनपुर कांड पर आधारित फिल्म “बीरनपुर फाइल्स” अब दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। सेंसर बोर्ड की आवश्यक औपचारिकताओं के कारण लंबे समय से अटकी यह फिल्म अब रिलीज के लिए हरी झंडी पा चुकी है। संभावना है कि यह फिल्म अप्रैल के पहले सप्ताह में सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।








सत्य घटना पर आधारित यह फिल्म बीरनपुर कांड की पूरी कहानी को पर्दे पर दिखाने का प्रयास करती है। इस घटना ने छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक परिदृश्य में व्यापक चर्चा और हलचल पैदा की थी। फिल्म के माध्यम से न केवल उस हत्याकांड की घटनाओं को दर्शाया गया है, बल्कि उससे जुड़े कई पहलुओं और परिस्थितियों को भी सामने लाने की कोशिश की गई है।

फिल्म का निर्माण व्हाय आर फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता-निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी हैं। यह फिल्म लगभग दो वर्ष पहले बनकर तैयार हो चुकी थी, लेकिन सत्य घटना पर आधारित होने के कारण आवश्यक नियमों और औपचारिकताओं के चलते इसकी रिलीज में विलंब हुआ।

इसी क्रम में फिल्म के निर्माता-निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी और राष्ट्रवादी पत्रकार राष्ट्रबोध के संपादक पवन केसवानी ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी से भेंट कर फिल्म की विषय-वस्तु और इसकी सामाजिक उपयोगिता पर चर्चा की।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष मोहन तिवारी, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव भूपेन जांगड़े तथा कई वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति में फिल्म “बीरनपुर फाइल्स” का पोस्टर भी लॉन्च किया गया। साथ ही पत्रकारों को फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया गया।

पत्रकारों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग 21 मार्च को रायपुर के विमतरा हॉल में आयोजित की जाएगी। रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने फिल्म निर्माण के लिए निर्माता-निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने पत्रकार साथियों से अपील की कि वे इस विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होकर फिल्म देखें और अपनी समीक्षा के माध्यम से दर्शकों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ पत्रकार कमलेश गोगिया, शंकर चंद्राकर, मुकेश वर्मा, जगजीत सिंह, साजिद, संतोष साहू और हेमंत डोंगरे भी मौजूद रहे।

यह फिल्म बीरनपुर की वास्तविक घटना से प्रेरित है, जिसमें एक युवक की हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश में चर्चा पैदा कर दी थी। फिल्म के ट्रेलर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से उस घटना को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।

राकेश न्यूज़ एजेंसी

जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़