महतारी वंदन में 1000 रु., लेकिन गैस के नाम पर 3000 की वसूली – कांग्रेस गैस संकट से आमजन त्रस्त, सरकार बनी मूकदर्शक
रायपुर, 18 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ में इन दिनों घरेलू गैस की भारी किल्लत से आमजन खासकर महिलाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार "महतारी वंदन योजना" के तहत महिलाओं को 1000 रुपये देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर महिलाएं 900 रुपये के घरेलू गैस सिलेंडर को 3000 रुपये तक में खरीदने को मजबूर हो रही हैं। यह सीधे तौर पर महिलाओं के साथ अन्याय और आर्थिक शोषण है।
वंदना राजपूत ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार गैस संकट को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में गैस एजेंसियों के सामने लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं, लेकिन फिर भी लोगों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि महिलाएं अब फिर से ईंटों के चूल्हे बनाकर लकड़ी से खाना बनाने को मजबूर हो गई हैं। यह सरकार की विफलता का स्पष्ट प्रमाण है और महिलाओं के साथ किया गया एक बड़ा धोखा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि गैस कंपनियां सर्वर डाउन का बहाना बनाकर बुकिंग नहीं ले रही हैं, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बावजूद इसके, सरकार जमीनी हकीकत को स्वीकार करने के बजाय लोगों को "अफवाहों पर ध्यान न देने" की सलाह दे रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अचानक से कमर्शियल गैस की सप्लाई क्यों रोक दी गई? इस फैसले के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग बढ़ रहा है, जिससे कालाबाजारी की आशंका भी बढ़ गई है।
वंदना राजपूत ने कहा कि गैस संकट का असर होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। कई व्यवसायी गैस की कमी के चलते संचालन बंद करने की स्थिति में पहुंच गए हैं, जिससे खाद्य पदार्थों के दामों में भी वृद्धि हो रही है।
अंत में उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति को तुरंत सुचारू किया जाए और आम जनता को इस समस्या से राहत दिलाई जाए।
वंदना राजपूत
प्रवक्ता
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी
