जांजगीर-चांपा /// छत्तीसगढ़ी सिनेमा की लोकप्रिय और चर्चित अभिनेत्री इशिका यादव की मेहनत और शानदार अभिनय को एक बार फिर बड़ा सम्मान मिला है। उन्हें रंग झांझर अवॉर्ड 2025–26 में बेस्ट फ़िल्म एक्ट्रेस के खिताब से नवाज़ा गया है।
अवार्ड की घोषणा होते ही इशिका यादव के प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया, फ़ैन क्लब और सिनेमा जगत से उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
इशिका यादव ने जताया आभार
हमारी न्यूज़ एजेंसी से विशेष बातचीत में इशिका यादव ने कहा— “यह अवॉर्ड मेरे लिए बेहद खास है। मैं इसे अपने परिवार, दोस्तों और अपने सभी चाहने वालों को समर्पित करती हूँ, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया। इसके साथ ही मैं निर्देशक सतीश जैन सर की दिल से आभारी हूँ, जिन्होंने मुझे ‘मोर छंइहा भुईयाँ – 3’ जैसी बड़ी फ़िल्म में काम करने का अवसर दिया। उन्हीं के मार्गदर्शन से मैं यह मुकाम हासिल कर सकी।”
छत्तीसगढ़ी सिनेमा की उभरती सुपरस्टार
कई वर्षों से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में सक्रिय इशिका यादव ने अपनी मेहनत, लगन और दमदार अभिनय से एक अलग पहचान बनाई है। लगातार हिट फ़िल्में देने वाली इशिका आज प्रदेश की उभरती हुई सुपरस्टार्स में शुमार की जा रही हैं।
रंग झांझर अवॉर्ड से मिला यह सम्मान न केवल उनके फ़िल्मी सफ़र को और ऊँचाई देता है, बल्कि आने वाले कलाकारों के लिए भी प्रेरणा बनता है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार साहू
स्थान: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़

