छग में रंग झांझर सम्मान का भव्य आयोजन इशिका यादव बनीं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, विकास यादव को मिला बेस्ट फिल्म प्रमोटर अवार्ड ,,,,
छत्तीसगढ़ राज्य में अवार्डों की श्रृंखला के अंतर्गत स्मार्ट सिनेमा अवार्ड के पश्चात रंग झांझर सम्मान की महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ी। राज्य की रजत जयंती के पावन अवसर पर भिलाई में आयोजित रंग झांझर सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों एवं फिल्म प्रमोटरों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रंग झांझर अवार्ड से इशिका यादव को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री , विकास यादव को बेस्ट फिल्म प्रमोटर के रूप में सम्मानित किया गया।
इशिका यादव को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान
छत्तीसगढ़ी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री इशिका यादव को उनकी चर्चित फिल्म “मोर छैईया भुइयां” में शानदार अभिनय के लिए रंग झांझर सम्मान से नवाजा गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद खुशी जाहिर करते हुए इशिका यादव ने कहा— “यह मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है कि मुझे इस फिल्म में काम करने का अवसर मिला। रंग झांझर जैसा प्रतिष्ठित सम्मान मिलना मेरे और छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री दोनों के लिए गर्व की बात है।”
उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को सहयोग देने वाले मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से रिपोर्टर राकेश कुमार साहू को धन्यवाद दिया, जिन्हें हाल ही में स्मार्ट सिनेमा अवार्ड में बेस्ट मीडिया प्रभारी के रूप में सम्मानित किया गया।
विकास यादव बने बेस्ट फिल्म प्रमोटर
विकास यादव को फिल्मों के उत्कृष्ट प्रचार-प्रसार के लिए बेस्ट फिल्म प्रमोटर का रंग झांझर सम्मान प्रदान किया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा—
“फिल्मों को प्रमोट करने में मीडिया और रिपोर्टरों की बड़ी भूमिका होती है। हम फिल्मों का प्रचार करते हैं और रिपोर्टर उन खबरों को जनता तक पहुँचाते हैं। इस सफर में रिपोर्टरों का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है और आगे भी रहेगा।”
सम्मान से बढ़ती है नई ऊर्जा
हमारे संवाददाता के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य में स्मार्ट सिनेमा अवार्ड, रंग झांझर सम्मान, चिन्हारी अवार्ड जैसे मंचों के माध्यम से कलाकारों, फिल्म प्रमोटरों एवं फिल्मी खबरों की कवरेज करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ी सिनेमा, फिल्म प्रमोशन और मीडिया जगत में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार हो रहा है।
रिपोर्टर:
राकेश कुमार साहू
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ राज्य

