बिलासपुर : रानीगांव में यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान ,,,,

बिलासपुर न्यूज़ ।   विद्यार्थियों का सर्वप्रथम कर्तव्य पढ़ाई करना और अपने कैरियर के प्रति चिंतन करते हुए उसे मजबूत बनाना है। अपने कैरियर के माध्यम से न केवल अपना बल्कि अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम भी रोशन करना चाहिए। यह बातें बिलासपुर जिले के लोकप्रिय जननेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने ग्राम रानीगांव स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल के वार्षिक उत्सव एवं जेके ग्रुप कोचिंग के प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।



त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से देश के सैनिक परिवारों, पुलिस विभाग के कर्मचारियों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए फीस में रियायत देने का भी आग्रह किया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। साथ ही कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान एवं मेरिट सूची में स्थान पाने वाले दर्जनों विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर जनपद सदस्य राघवइंद्र गहवई, रानीगांव की सरपंच दिव्या रूपेश कोरी, जनजीराडीह के सरपंच रमेश शिकारी एवं उपसरपंच श्रवण तंबोली ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य विनोद निर्मलकर ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के संचालक अभिषेक भोंसले द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि त्रिलोक श्रीवास का पुष्पहार और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।