भाजपा राज में महिलाएं असुरक्षित – कांग्रेस बिलासपुर में आरोपी भाजपा पार्षद पति खुलेआम घूम रहा – वंदना राजपूत

 रायपुर, 11 फरवरी 2026।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता वंदना राजपूत ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शासन में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और सत्ता के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।


उन्होंने आरोप लगाया कि बिलासपुर में भाजपा पार्षद के पति पर दुष्कर्म का आरोप होने के बावजूद वह खुलेआम घूम रहा है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। राजपूत ने कहा कि पुलिस प्रशासन सरकार के दबाव में आकर रसूखदार आरोपियों को बचाने में लगा हुआ है, जिससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता ने कहा कि हाल के समय में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें आरोपी प्रभावशाली या सत्ता से जुड़े होने के कारण कानून की पकड़ से बाहर रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया और प्रकरणों को कमजोर कर दिया गया।

राजपूत ने कहा कि “बेटी बचाओ” का नारा देने वाली भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश में प्रतिदिन महिलाओं के विरुद्ध अपराध दर्ज हो रहे हैं, लेकिन कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने में भी देरी या टालमटोल की शिकायतें सामने आती हैं।

उन्होंने मंदिर हसौद में हुए गैंगरेप प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावशाली पृष्ठभूमि के कारण मामले को कमजोर किया गया, जिससे आरोपी बरी हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व खुलेआम अवैध नशे और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं, लेकिन उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की जा रही।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि सभी लंबित मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो, दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा महिला सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

वंदना राजपूत

प्रवक्ता

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी