जज्बा, जोश और जुनून—कांग्रेस कार्यकर्ताओं की असली ताकत ,,,

सुकमा (छत्तीसगढ़)। जज्बा, जोश और जुनून—नेता से दूर रहने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले कभी कमजोर नहीं पड़े। बल्कि संघर्ष की इस अवधि में उनका आत्मविश्वास और अधिक मजबूत होकर उभरा। यही कांग्रेस पार्टी की असली ताकत कही जा सकती है।


अपने लोकप्रिय नेता कवासी लखमा के इंतज़ार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे एक वर्ष तक शासन-प्रशासन के खिलाफ जनहित और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी। कठिन परिस्थितियों में भी कार्यकर्ताओं ने संगठन को जीवंत रखा और जनता की आवाज़ को बुलंद किया।

जब जिला मुख्यालय में अपने नेता को फिर से अपने बीच पाया, तो कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कोंटा विधायक माननीय कवासी लखमा के जेल से रिहा होने के बाद सुकमा नगर आगमन पर सर्व आदिवासी समाज के सामाजिक पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। सभी ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

रेस्ट हाउस तथा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय (जगदलपुर रोड) के पास लोग लंबे समय तक उनके आगमन की प्रतीक्षा करते नजर आए।

नेता के आगमन के साथ ही कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नई ऊर्जा और संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि कांग्रेस पार्टी की जड़ें कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष में कितनी गहरी हैं।