बिलासपुर।
स्कूल का जीवन किसी भी व्यक्ति के जीवन का सबसे स्वर्णिम और यादगार समय होता है। व्यक्ति जीवन में चाहे कितनी भी ऊँचाइयाँ क्यों न छू ले, मन में यह इच्छा अवश्य रहती है कि काश वह फिर से अपने स्कूल के दिनों में लौट सके। उक्त विचार बिलासपुर जिले के लोकप्रिय कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मछखंडी स्थित अयूब खान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने विद्यालय में अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने स्कूल जीवन के इस अमूल्य समय का पूर्ण सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि यही वह समय है, जब कड़ी मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ पढ़ाई कर जीवन में नए-नए कीर्तिमान स्थापित किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने विद्यालय, गुरुजनों, माता-पिता और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर देश के ख्यातिप्राप्त कवि मीर अली मीर, विद्यालय के संचालक इदरीस खान, जनपद सदस्य विजय गुप्ता, ग्राम सरपंच इंदु सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। रंगारंग नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में त्रिलोक चंद्र श्रीवास सहित सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में ठाकुर पवन सिंह, चंद्रप्रकाश केसरवानी, लोक प्रकाश दिवाकर, शुभम श्रीवास, मोहन गुप्ता, दुबे जी, धृतलहरे जी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
त्रिलोक चंद्र श्रीवास के आगमन पर क्षेत्रवासियों एवं शाला परिवार द्वारा आतिशबाजी, पुष्पहार एवं भव्य स्वागत कर उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया।



