रायपुर, 28 जुलाई 2026।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में ही सरकार के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली, कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा और संगठन में बढ़ते असंतोष के कारण भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
दीपक बैज ने कहा कि सरकार में बैठे जिम्मेदार लोगों के व्यवहार से कार्यकर्ता बेहद नाराज हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले ही यह संकेत दिया जा चुका है कि वे सरकार में किसी पद की अपेक्षा न रखें, जबकि वर्षों तक सत्ता का लाभ उठाने वाले कुछ चुनिंदा लोगों को ही निगम, मंडल और आयोगों में दोबारा नियुक्तियां दी जा रही हैं। इससे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ में भाजपा के 111 कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी और सरकार की कार्यशैली से नाराज होकर इस्तीफा देना इस असंतोष का स्पष्ट प्रमाण है। इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत सहित कई पार्षद भी पार्टी छोड़ चुके हैं। अब भाजपा का अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आने लगा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एल्डरमैन की नियुक्तियों में भी पैसों के लेन-देन के आरोप भाजपा नेताओं पर लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलताओं और जनविरोधी नीतियों से पहले ही नाराज है, अब भाजपा के अपने कार्यकर्ता भी सरकार से भरोसा खो चुके हैं। कार्यकर्ताओं का लगातार पार्टी छोड़ना इस बात का संकेत है कि सरकार की लोकप्रियता तेजी से घट रही है।
दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के दावों पर अब भाजपा कार्यकर्ताओं का भी विश्वास नहीं बचा है। चुनाव के दौरान जिन वादों को लेकर कार्यकर्ता घर-घर पहुंचे थे, उन्हें पूरा नहीं किए जाने से कार्यकर्ता स्वयं को जनता के बीच असहज महसूस कर रहे हैं। यही कारण है कि वे पार्टी से दूरी बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में सरकार कोई ऐसी उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं गिना सकी है, जिसे लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जा सकें। प्रदेश में बढ़े बिजली बिल, गरीबों के घरों और दुकानों पर कार्रवाई, स्कूलों के बंद होने, शराब नीति को लेकर उठ रहे सवालों तथा आदिवासी समाज पर बढ़ते अत्याचार जैसे मुद्दों से जनता परेशान है। इन परिस्थितियों से भाजपा कार्यकर्ता भी स्वयं को अलग नहीं रख पा रहे हैं।
दीपक बैज ने दावा किया कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है और भाजपा कार्यकर्ता भी यह समझ चुके हैं कि चुनावी वादे पूरे नहीं होने की जिम्मेदारी से वे भी बच नहीं सकते। यही कारण है कि पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है और कार्यकर्ता इस्तीफा देकर भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं।
.jpg)