संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी 'समरसता संकल्प अभियान' :मंत्री टंकराम वर्मा 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या देशभर के मंदिरों में होगा 'समरसता दीप महोत्सव'
रायपुर।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास द्वारा दिखाया गया मार्ग ही 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के संकल्प का मूल आधार है। उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर शुरू होने वाला 'समरसता संकल्प अभियान' सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में टंकराम वर्मा ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के अग्रदूत, समाज सुधारक और महान आध्यात्मिक चिंतक थे। उन्होंने सामाजिक विषमता, भेदभाव और अन्याय के दौर में समानता, आत्मसम्मान और समरसता का संदेश देकर करोड़ों लोगों के जीवन में नई चेतना का संचार किया।
टंकराम वर्मा ने कहा कि गुरु रविदास द्वारा प्रस्तुत 'बेगमपुरा' का दर्शन आज भी ऐसे समाज की प्रेरणा देता है, जहां भेदभाव, अन्याय और शोषण का स्थान न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
29 जुलाई को होगा 'समरसता दीप महोत्सव'
उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर होगा। इस दिन देशभर के मंदिरों में 'समरसता दीप महोत्सव' के तहत 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास घाट पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे।
दीपोत्सव से पहले भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक प्रवचन होंगे तथा बाद में प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों तथा पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
'कलश वंदन अभियान' के तहत पहुंचेगी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी
टंकराम वर्मा ने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक 'गुरु रविदास कलश वंदन अभियान' चलाया जाएगा। वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर में आयोजित कार्यक्रम में सभी राज्यों की टोलियों को पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश सौंपे जाएंगे। इन कलशों की पवित्र मिट्टी को 21 हजार कलशों में स्थापित कर देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।
संत संपर्क अभियान और समरसता यात्रा
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक 'संत संपर्क अभियान' चलाया जाएगा, जिसके तहत पार्टी के पदाधिकारी संत गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संतों और विभिन्न धार्मिक परंपराओं के पूजनीय संतों से भेंट कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक 'गुरु रविदास समरसता यात्रा' निकाली जाएगी। यह यात्रा डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
छात्रावासों में होंगे समरसता संवाद
टंकराम वर्मा ने बताया कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक 'गुरु रविदास छात्रावास संपर्क अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत देशभर के छात्रावासों में संत गुरु रविदास के चित्र के समक्ष 'समरसता संवाद' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत जूनागढ़ (गुजरात), सागर (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), खुरालगढ़ साहिब (पंजाब), दिल्ली स्थित गुरु रविदास मंदिर तथा उनसे जुड़े अन्य प्रमुख स्थलों के विकास का भी संकल्प लिया गया है।
प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर गठित हुईं अभियान टोलियां
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश, जिला, मंडल और आयोजन स्तर पर अलग-अलग टोलियों का गठन किया गया है। संचार, मीडिया और सोशल मीडिया के लिए भी विशेष टीमें बनाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय कार्यशालाएं 20 से 23 जुलाई तथा जिला स्तरीय कार्यशालाएं 25 से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित की गई हैं। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं, ब्लॉग और पॉडकास्ट का भी सहारा लिया जाएगा।
सामाजिक समरसता का राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन बनेगा अभियान
भाजपा समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश संचालन समिति के सह-संयोजक शंकर अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है।
उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर आयोजित यह राष्ट्रव्यापी अभियान सामाजिक सद्भाव, समरसता और राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

