संगठन निर्माण और कांग्रेस कनेक्ट सेंटर रिपोर्टिंग में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस देशभर में प्रथम

 रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी), नई दिल्ली में आयोजित समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बेहतर संगठन निर्माण एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस कनेक्ट सेंटर की प्रभावी रिपोर्टिंग के आधार पर प्रदेश कांग्रेस को पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।











इस उपलब्धि पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व की सराहना की गई। साथ ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू तथा सह-प्रभारी एस. संपत कुमार, ज़रीता लैथफ्लांग एवं विजय जांगिड़ के मार्गदर्शन और समन्वय को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन-प्रशासन) मलकीत सिंह गैंदू ने इस उपलब्धि पर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई है, जिसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर यह गौरव प्राप्त हुआ है।

मलकीत सिंह गैंदू ने सभी कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे इसी उत्साह और एकजुटता के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए जनता के हित, अधिकार और जनसरोकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएँ।