भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण, कलेक्टर से लगाई गुहार गड़गड़पारा में गहराया पेयजल संकट, अधूरी पड़ी सोलर जल योजना से ग्रामीण परेशान TGB MEDIA BASTAR SAMBHAG (C.G.) TGB MEDIA ब्यूरो चीफ : जय मण्डावी
सुकमा, छत्तीसगढ़।
छिंदगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मिचवार के आश्रित ग्राम गरीपाल के गड़गड़पारा में इन दिनों भीषण पेयजल संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी और लगातार गिरते भू-जल स्तर के कारण ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
गड़गड़पारा में लगभग 20 परिवार निवासरत हैं, जहां पेयजल के लिए केवल एक हैंडपंप ही एकमात्र सहारा था। लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ वह हैंडपंप भी पूरी तरह सूख चुका है, जिससे ग्रामीणों के सामने गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह हैंडपंप हर वर्ष बरसात और ठंड के मौसम में ही पानी देता है, जबकि गर्मी शुरू होते ही सूख जाता है। वर्तमान स्थिति में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। पानी की समस्या के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने पूर्व में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों से संपर्क किया था। विभाग द्वारा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर नया बोर खनन कराया गया था। साथ ही सोलर पैनल लगाकर पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाने का आश्वासन भी दिया गया था।
लेकिन बोर खनन के बाद आज तक न तो सोलर पैनल लगाया गया और न ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो पाया है, जिससे पूरी योजना अधूरी पड़ी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण लंबे समय से यह परियोजना केवल कागजों तक सीमित रह गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित सुशासन तिहार में भी उन्होंने लिखित आवेदन देकर पेयजल संकट की जानकारी प्रशासन को दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से परेशान ग्रामीण अब स्वयं खर्च कर वाहन किराए पर लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गड़गड़पारा में तत्काल नया और अधिक गहराई वाला हैंडपंप स्थापित कराया जाए। साथ ही पूर्व में किए गए बोर में सोलर पैनल लगाकर पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पेयजल आपूर्ति योजना को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस गंभीर संकट से राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में उनका जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला ग्रामीण, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

