राजस्व प्रकरणों का तय समय-सीमा में हो निराकरण : राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा राजस्व मंत्री के औचक निरीक्षण से रायपुर तहसील कार्यालय में मचा हड़कंप डायवर्सन मामलों में लापरवाही पर SDM को लगाई फटकार
रायपुर, 25 मई 2026/
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने सोमवार को रायपुर तहसील कार्यालय एवं नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण में सुस्ती और लापरवाही सामने आने पर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों का तय समय-सीमा में निराकरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री श्री वर्मा ने नामांतरण, त्रुटि सुधार, सीमांकन, बंटवारा एवं अन्य राजस्व मामलों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। विशेष रूप से डायवर्सन (व्यपवर्तन) प्रकरणों की धीमी प्रगति पर उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (SDM) रायपुर को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
साफ-सफाई और फाइल प्रबंधन सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तहसील कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। परिसर में गंदगी एवं फाइलों के अव्यवस्थित रखरखाव पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर में स्वच्छ वातावरण, आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सभी दस्तावेजों एवं फाइलों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए।
विभिन्न शाखाओं और न्यायालयों का किया निरीक्षण
राजस्व मंत्री ने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को समझने के लिए भुइयां शाखा, कानूनगो शाखा, WBN शाखा एवं मालजमादार शाखा का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों की कार्यवाही की भी समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व न्यायालयों में नियमित सुनवाई होनी चाहिए ताकि आम नागरिकों को तारीख-पे-तारीख भटकना न पड़े। मंत्री ने कहा कि सुबह से शाम तक इंतजार कराने के बाद अगली तारीख देना अस्वीकार्य है और इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लंबित मामलों को शून्य करने का लक्ष्य
अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार तहसील में दर्ज कुल 65,390 मामलों में से 64,702 का निराकरण किया जा चुका है तथा वर्तमान में 688 मामले लंबित हैं। इस पर मंत्री ने शेष सभी लंबित प्रकरणों का भी समय-सीमा के भीतर निराकरण कर लंबित मामलों को शून्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
जनता से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने तहसील परिसर में मौजूद आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।
संभाग आयुक्त को रोडमैप तैयार करने के निर्देश
तहसील कार्यालय निरीक्षण के बाद राजस्व मंत्री नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा की। मंत्री ने संभाग आयुक्त को निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए एक स्पष्ट एवं प्रभावी रोडमैप तैयार किया जाए तथा संभाग के सभी जिलों में कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
