12 दिनों में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना जनविरोधी फैसला : कांग्रेस

 रायपुर, 25 मई 2026।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को आम जनता पर आर्थिक हमला बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मात्र 12 दिनों के भीतर चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाना पूरी तरह जनविरोधी और जनता पर अत्याचार है।






उन्होंने कहा कि ताजा वृद्धि में पेट्रोल के दाम में 87 पैसे तथा डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले भी लगातार तीन बार कीमतों में इजाफा किया जा चुका है। बीते दिनों पहले 3.30 रुपये, फिर 95 पैसे और अब कुल मिलाकर पेट्रोल-डीजल के दामों में 8.50 रुपये से अधिक की वृद्धि की जा चुकी है।

सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल-डीजल के दामों में लगभग 20 रुपये तक की बढ़ोतरी करना चाहती है। इसी उद्देश्य से देशभर में पेट्रोल-डीजल का कृत्रिम संकट पैदा किया गया। उन्होंने कहा कि कीमत बढ़ाने से पहले प्रदेश के अधिकांश पेट्रोल पंपों में डीजल की कमी देखी गई, जिससे आम लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा।

उन्होंने कहा कि जिस तरह पेट्रोलियम कंपनियां लगातार दाम बढ़ा रही हैं, उससे प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार ने कंपनियों को जनता को लूटने की खुली छूट दे दी है। जब सरकार जनता की चिंता छोड़कर केवल कंपनियों के मुनाफे की चिंता करने लगे, तब महंगाई का बोझ सीधे आम नागरिकों पर पड़ता है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि को जायज ठहराने के लिए पहले कृत्रिम कमी पैदा की गई और फिर जनता को भय एवं असुविधा की स्थिति में डालकर मूल्य वृद्धि थोप दी गई। पेट्रोल और डीजल की कमी के कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा, जिससे आम जनता में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देशभर में पेट्रोल-डीजल संकट का वातावरण बना। लोग भयवश पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगाने लगे और आज भी कई आउटर क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं है। अब धीरे-धीरे कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

सुशील आनंद शुक्ला

अध्यक्ष, कांग्रेस संचार विभाग

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी