खाद्य मंत्री बताएं, 400 ग्राम भोजन करने वाला श्रमिक एक बार में 1 किलो खाना कैसे खाएगा? अन्न योजना में 24 करोड़ रुपये की हेराफेरी की तैयारी : कांग्रेस

 रायपुर, 25 मई 2026।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत जारी किए गए टेंडर पर गंभीर सवाल उठाते हुए खाद्य मंत्री लखन लाल देवांगन से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की औसत भोजन क्षमता लगभग 400 ग्राम होती है, ऐसे में योजना के तहत प्रति श्रमिक एक बार में 1 किलो भोजन परोसने का प्रावधान समझ से परे है।









धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2008 में शुरू की गई इस योजना में श्रमिकों को प्रति भोजन लगभग 200 ग्राम चावल, 200 ग्राम दाल, हरी सब्जी, छाछ एवं चाय उपलब्ध कराने का प्रावधान था, जिस पर सालाना लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च होते थे। अब नई व्यवस्था में भोजन की मात्रा बढ़ाकर 1 किलो कर दी गई है, जिससे योजना का वार्षिक खर्च बढ़कर लगभग 20 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि तीन वर्षों के टेंडर में लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि वास्तविक आवश्यकता के अनुसार हर वर्ष करीब 8 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च दिखाया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे श्रमिकों के नाम पर किया जा रहा “बड़ा हेराफेरी घोटाला” बताया है।

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की भूख अब श्रमिकों की थाली तक पहुंच गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि श्रमिक का पेट 400 ग्राम भोजन से भरता है, लेकिन भाजपा सरकार की “भ्रष्टाचार की भूख” 1 किलो भोजन के नाम पर मिटाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का मूल चरित्र भ्रष्टाचार करना बन चुका है और इसके लिए वह किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जंबूरी घोटाला, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना घोटाला, महिला एवं बाल विकास विभाग में सामग्री एवं साड़ी सप्लाई घोटाला, वन विभाग में पौधारोपण एवं तार फेंसिंग घोटाला सहित कई विभागीय खरीद मामलों में अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इन मामलों में कार्रवाई के नाम पर केवल जांच समितियां बनाई गईं, लेकिन दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब श्रमिकों के भोजन की आड़ में भी भ्रष्टाचार की साजिश रची जा रही है।

टेंडर निरस्त करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग

प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है कि शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के विवादित टेंडर को तत्काल निरस्त किया जाए तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही इस कथित भ्रष्टाचार की साजिश में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।