साई धाम कॉलोनी में 9 दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा एवं सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन का आयोजन


साई धाम कॉलोनी में 9 दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा एवं सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन का आयोजन














बिलासपुर। साई धाम कॉलोनी परिवार, तोरवा बिलासपुर के तत्वावधान में भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा एवं जनकल्याण की भावना को लेकर आगामी 01 जून से 09 जून 2026 तक भव्य शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ एवं सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण पूजन का आयोजन किया जा रहा है। यह दिव्य धार्मिक आयोजन प्रतिदिन दोपहर 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक साई धाम कॉलोनी, तोरवा में संपन्न होगा।

इस नौ दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, भक्ति, तप एवं धर्म से जुड़ी अनेक पावन कथाओं का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। कथा वाचन हेतु प्रयागराज से पूज्य श्री नीरज स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज एवं अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका साध्वी मीरा किशोरी जी पधार रही हैं, जिनके मुखारविंद से शिव महापुराण की अमृतमयी कथा प्रवाहित होगी।

आयोजन के प्रथम दिवस भगवान शिव महापुराण के महात्म्य का वर्णन किया जाएगा। इसके पश्चात विभिन्न दिनों में शिवलिंग पूजन विधि, सती चरित्र, शिव-पार्वती विवाह, माता पार्वती की तपस्या, द्वादश ज्योतिर्लिंग, भगवान शिव के विविध अवतार एवं अन्य पौराणिक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन होगा। अंतिम दिवस रुद्र महाभिषेक, महामृत्युंजय जाप, कथा समापन एवं विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।

विशेष रूप से प्रतिदिन प्रातःकाल सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण एवं पूजन श्रद्धालुओं की सहभागिता से संपन्न कराया जाएगा। आयोजन के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा भी निकाली जाएगी, जो मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र भ्रमण एवं छठ घाट से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी।

साई धाम कॉलोनी परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर भगवान शिव की कथा का श्रवण करें तथा पुण्य लाभ अर्जित करें।

निवेदक – समस्त साई धाम कॉलोनी परिवार, तोरवा बिलासपुर (छ.ग.)