अंतरराष्ट्रीय काव्य उत्सव में बिलासपुर की शिक्षिका एवं कवयित्री पूर्णिमा तिवारी सम्मानित

 रायपुर। साहित्य और कविता के क्षेत्र में अपने सतत रचनात्मक योगदान से विशिष्ट पहचान बनाने वाली बिलासपुर की शिक्षिका एवं कवयित्री श्रीमती पूर्णिमा तिवारी को “भव्य अंतरराष्ट्रीय काव्य उत्सव–2026” में प्रतिष्ठित “अंतरराष्ट्रीय काव्य उत्सव सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह गरिमामयी आयोजन रायपुर स्थित विमतारा भवन में संपन्न हुआ।







कार्यक्रम में अमेरिका के कैलिफोर्निया से पधारी अंतरराष्ट्रीय कवयित्री डॉ. अनीता कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ साहित्यकार श्री गिरीश पंकज, श्री अरुण कुमार निगम, श्री जयप्रकाश मानस, डॉ. अभिलाषा बेहार, श्री किशनलाल एवं डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी सहित अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सम्मान समारोह के दौरान पूर्णिमा तिवारी की साहित्यिक प्रतिभा, संवेदनशील लेखनी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं की विशेष सराहना की गई। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि उनकी कविताएँ मानवीय संवेदनाओं, सकारात्मक चिंतन और सामाजिक जागरूकता को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्णिमा तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर अपनी प्रभावशाली कविता का पाठ किया, जिसे सुनकर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और साहित्यिक ऊर्जा से गूंज उठा। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।

सम्मान प्राप्त करने पर पूर्णिमा तिवारी ने इसे अपनी साहित्य साधना का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि साहित्य समाज को जोड़ने, जागरूक करने और नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस सम्मान के लिए आयोजकों एवं साहित्य प्रेमियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

यह भव्य आयोजन जय जोहार साहित्य एवं संस्कृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। पूर्णिमा तिवारी को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से साहित्यिक एवं सामाजिक जगत में हर्ष और गौरव का वातावरण है।