बिलासपुर के युवा शायर विपुल तिवारी को रायपुर में मिला “शब्द शिखर सम्मान 2026

 रायपुर, 31 मई 2026। छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था वक़्ता मंच, रायपुर द्वारा आयोजित “काव्य महाकुंभ 2026” में बिलासपुर के युवा शायर विपुल तिवारी को उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक प्रतिभा, सृजनात्मक लेखन और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “शब्द शिखर सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया।










रायपुर के वृंदावन सभागृह, सिविल लाइंस में आयोजित इस भव्य साहित्यिक आयोजन में प्रदेशभर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों, शायरों और रचनाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा विपुल तिवारी को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके साहित्यिक अवदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवा रचनाकारों की सशक्त उपस्थिति साहित्य जगत के लिए शुभ संकेत है। विपुल तिवारी अपनी प्रभावशाली शायरी और रचनाओं के माध्यम से समाज की संवेदनाओं, युवा पीढ़ी की सोच तथा समकालीन विषयों को सशक्त अभिव्यक्ति दे रहे हैं। उनकी रचनाधर्मिता उन्हें नई पीढ़ी के उभरते और चर्चित साहित्यकारों की श्रेणी में विशिष्ट पहचान दिला रही है।

सम्मान प्राप्त करने के पश्चात विपुल तिवारी ने वक़्ता मंच के पदाधिकारियों, वरिष्ठ साहित्यकारों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि साहित्य साधना को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से समाज और साहित्य को समृद्ध करने का प्रयास करते रहेंगे।

वक़्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते, सचिव मनीष अवस्थी तथा संयोजक शुभम साहू के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम साहित्य, संस्कृति और सृजनशीलता के संवर्धन हेतु समर्पित रहा। पूरे समारोह में साहित्यिक उत्साह, रचनात्मक ऊर्जा और सम्मान की गरिमा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

“शब्द शिखर सम्मान 2026” से सम्मानित होने पर साहित्यिक जगत एवं शुभचिंतकों ने युवा शायर विपुल तिवारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।