भारतीय राजनीति में अनोखी मिसाल: विधायक दूल्हे की बैलगाड़ी के सारथी बने डिप्टी सीएम अरुण साव

 बेमेतरा/रायपुर, 31 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अनूठा और यादगार दृश्य उस समय देखने को मिला, जब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं बैलगाड़ी के सारथी बनकर विधायक दीपेश साहू की बारात में शामिल हुए। यह अवसर बेमेतरा में आयोजित सामूहिक मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम का था, जहां विधायक दीपेश साहू ने सादगी और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करने का निर्णय लिया।




















विधायक दीपेश साहू की बारात पारंपरिक बैलगाड़ी में निकाली गई, जिसकी बागडोर स्वयं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संभाली। राजधानी रायपुर से विशेष रूप से बेमेतरा पहुंचे अरुण साव ने सारथी की भूमिका निभाकर न केवल विधायक दीपेश साहू को शुभकामनाएं दीं, बल्कि सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक परंपराओं के प्रति सम्मान का भी संदेश दिया।

बारात के दौरान मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने इस अनूठे पल का स्वागत करते हुए इसे भारतीय राजनीति में सादगी, आत्मीयता और जनसरोकारों का प्रतीक बताया।

सामूहिक विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। विधायक दीपेश साहू का इसी मंच पर विवाह करना और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बैलगाड़ी के सारथी बनना पूरे कार्यक्रम की सबसे चर्चित और विशेष घटना रही।

यह आयोजन सामाजिक समानता, भारतीय संस्कृति और सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की सादगीपूर्ण जीवनशैली का भी प्रेरक उदाहरण बन गया।