मुंबई/बिलासपुर/जांजगीर-चांपा: बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “भक्त माँ कर्मा” केवल एक धार्मिक कथा नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, समानता और मानवता का सशक्त संदेश लेकर दर्शकों के सामने आने वाली है। लगभग 1000 वर्ष पुरानी इस ऐतिहासिक कथा में उस समय के समाज का चित्रण किया गया है, जब भेदभाव अपने चरम पर था और कुछ वर्गों को मंदिर में प्रवेश तक से वंचित रखा जाता था।
फिल्म में एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रसंग को दर्शाया गया है, जिसमें राज्य के राजा का हाथी गंभीर रूप से बीमार हो जाता है। उसे स्वस्थ करने के लिए एक विशाल सूखे तालाब को तेल से भरकर उसमें स्नान कराने की अनोखी शर्त रखी जाती है। यही चुनौती माँ कर्मा की आस्था, साहस और संघर्ष की वास्तविक परीक्षा बनती है।
माँ कर्मा और तेलकार समाज की अथक मेहनत, अटूट विश्वास और एकजुटता के परिणामस्वरूप वह असंभव कार्य भी संभव हो जाता है—सूखा तालाब तेल से भर जाता है और हाथी स्वस्थ हो जाता है। यह दृश्य केवल चमत्कार नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा, सामूहिक प्रयास और सामाजिक एकता की शक्ति का प्रतीक है।
फिल्म की कहानी राजेश साहू द्वारा लिखी गई है। निर्माता अजय खांडेकर और राजकुमार यादव हैं, जबकि निर्देशन शशिकांत कौशिक ने किया है। संगीत डी. पी. विश्वकर्मा द्वारा तैयार किया गया है।
फिल्म के गीतों में देश के ख्यातिप्राप्त गायकों ने अपनी आवाज दी है, जिनमें आशा भोंसले, साधना सरगम, उदित नारायण, सुरेश वाडेकर, अल्का याज्ञनिक, कविता कृष्णमूर्ति, डी. पी. विश्वकर्मा और संतोषी साहू शामिल हैं।
मुख्य कलाकारों में अनुकृति चौहान, गुलशन साहू, अजय सहाय, पुष्पेंद्र सिंह, विक्रम राज, हेमा शुक्ला, योगेश अग्रवाल, विनायक अग्रवाल, जितेंद्र राजा कौशिक, उपासना वैष्णव, ऊषा विश्वकर्मा, अजय शर्मा और नरेंद्र काबरा प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे।
यह फिल्म न केवल भक्ति का भाव प्रस्तुत करती है, बल्कि सामाजिक समानता, न्याय और मानवता का संदेश भी देती है। निर्देशक शशिकांत कौशिक के अनुसार, यह फिल्म हर आयु वर्ग के दर्शकों के लिए एक भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव साबित होगी।
विशेष रूप से यह फिल्म उस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक मान्यता पर आधारित है कि माँ कर्मा ने सबसे पहले भगवान जगन्नाथ जी को खिचड़ी का भोग लगाया था। तभी से यह परंपरा चली आ रही है कि पहले खिचड़ी का भोग और उसके बाद छप्पन भोग अर्पित किया जाता है।
फिल्म के निर्माता अजय खांडेकर और राजकुमार यादव ने बताया कि “भक्त माँ कर्मा” जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।


