छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 21 मार्च को ऐतिहासिक एवं सत्य घटनाओं पर आधारित छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “ईश्वर सत्य है (दंगल द वीरनपुर)” की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। यह स्क्रीनिंग न्यू शांति नगर स्थित विमतरा ऑडिटोरियम में संपन्न हुई, जिसमें फिल्म के कलाकार, निर्माता-निर्देशक एवं पत्रकारों की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा और समीक्षा की गई।
यह फिल्म विधायक ईश्वर प्रसाद साहू के पुत्र स्व. भुवनेश्वर प्रसाद साहू की स्मृति में बनाई गई है, जो सत्य घटनाओं पर आधारित है। फिल्म का निर्माण वाईआर फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले तथा गोंडवाना फिल्म के प्रस्तुतीकरण में किया गया है।
फिल्म के निर्माता हेमलाल चतुर्वेदी ने बताया कि यह उनकी दूसरी ऐसी फिल्म है जो वास्तविक घटनाओं पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फिल्म में एक दर्दनाक घटना को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है, और उन्हें विश्वास है कि दर्शक इसे भरपूर प्रेम देंगे।
वहीं निर्माता रमेश कुमार नाग ने कहा कि जहां आजकल अधिकतर फिल्में मनोरंजन और रोमांस पर आधारित होती हैं, वहीं उन्होंने पहली बार एक सच्ची घटना को पर्दे पर उतारने का साहस किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में एक सामान्य रिक्शा चालक के संघर्ष से लेकर विधायक बनने तक की प्रेरणादायक कहानी को दर्शाया गया है।
फिल्म में ईश्वर प्रसाद साहू की भूमिका निभाने वाले कलाकार पवन गांधी (उर्फ ईश्वर प्रसाद साहू) ने कहा कि यह किरदार उनके लिए बेहद खास और भावनात्मक रहा। उन्होंने इस भूमिका को अपने करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा ने फिल्म में ईश्वर प्रसाद साहू की धर्मपत्नी (सती साहू) की भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि यह उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभव रहा, क्योंकि उन्होंने पहली बार मां और पत्नी जैसे गंभीर किरदार को निभाया है।
स्क्रीनिंग के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और एक स्वर में कहा कि फिल्म में किसी प्रकार की विवादास्पद सामग्री नहीं है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) द्वारा सेंसर सर्टिफिकेट प्राप्त हो चुका है, जिससे इसकी प्रमाणिकता और निष्पक्षता सिद्ध होती है।
रिपोर्टर द्वारा भी फिल्म को “क्लीन चिट” दी गई, और यह माना गया कि फिल्म के प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार के विवाद की संभावना नहीं है।
यह फिल्म न केवल एक सच्ची घटना पर आधारित है, बल्कि समाज को एक प्रेरणादायक संदेश भी देती है।



