दुर्ग/भिलाई।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीते पांच दिनों के भीतर आत्महत्या की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। ताज़ा मामला पति–पत्नी के बीच सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि अन्य दो मामलों में पारिवारिक और निजी रिश्तों से उत्पन्न तनाव की बात सामने आई है। तीनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
केस 1: सोशल मीडिया रील को लेकर पति–पत्नी में विवाद, महिला ने की आत्महत्या
छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली अंजली साव (35) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ भिलाई क्षेत्र में रहती थी। अंजली गृहिणी थी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील और डांस वीडियो बनाती थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना उसके पति को पसंद नहीं था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 30 जनवरी को भी इसी विषय पर झगड़ा हुआ था। शाम के समय जब दोनों बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, उसी दौरान अंजली ने यह कदम उठाया। बच्चों के घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जिसके बाद अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया।
पहले भी कर चुकी थी प्रयास
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली 26 जनवरी तक सोशल मीडिया पर सक्रिय थी। बताया गया कि दिसंबर महीने में भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था, उस समय समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी।
केस 2: भाइयों के साथ रह रही युवती ने लगाई फांसी
छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 श्याम नगर में रहने वाली नीतू कोरी (27) ने 31 जनवरी की रात अपने घर में आत्महत्या कर ली। वह अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
केस 3: पारिवारिक तनाव के बीच ग्राफिक्स डिजाइनर ने उठाया आत्मघाती कदम
जामुल थाना क्षेत्र में भोज नारायण (36) ने 28 जनवरी को अपने घर में आत्महत्या कर ली। वह एक निजी कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर के पद पर कार्यरत था और मूल रूप से गरियाबंद जिले का निवासी था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि उसका एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध था, जिसको लेकर परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पत्नी द्वारा समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। घटना के समय भोज नारायण घर में अकेला था।
पुलिस जांच जारी
तीनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने दुर्ग–भिलाई क्षेत्र में सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल ख
ड़े कर दिए हैं।



