रायपुर, 31 जुलाई 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका अंतर्गत अटल परिसर में स्थापित भारतरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उप अभियंता श्री चन्द्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में विभाग के संचालनालय द्वारा शुक्रवार को निलंबन आदेश जारी किया गया।
यह कार्रवाई प्रतिमा निर्माण कार्य को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद की गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में प्रतिमा निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि प्रतिमा का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत किया गया। साथ ही प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, लगातार क्षतिग्रस्त होने तथा कांस्य प्रतिमा के निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। जांच प्रतिवेदन में निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए तत्कालीन पदस्थ उप अभियंता श्री चन्द्र प्रकाश जायसवाल को उत्तरदायी ठहराया गया।
विभाग ने इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि के दौरान श्री जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
