शराब से राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य भाजपा का असली चरित्र उजागर करता है – कांग्रेस शराबबंदी की मांग करने वाली भाजपा अब खुद शराब बिक्री बढ़ाने में लगी

 रायपुर, 03 अप्रैल 2026।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने आबकारी मंत्री द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में शराब से राजस्व बढ़ाने के लक्ष्य पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, पिछले पांच वर्षों तक शराबबंदी की बात करने वाली भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ गया है।








उन्होंने कहा कि बीते वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार ने शराब से लगभग 10,700 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया, जबकि इस वर्ष 13,000 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। इससे स्पष्ट है कि सरकार अब शराब की बिक्री बढ़ाने पर ही जोर दे रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान शराबबंदी का वादा कर जनता को गुमराह करने वाली भाजपा को अब प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा जब विपक्ष में थी, तब शराबबंदी को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद पिछले दो वर्षों में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके विपरीत, सरकार ने शराब की खपत बढ़ाने की नीति अपनाई है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 67 नई शराब दुकानें खोल दी हैं, साथ ही पहले से संचालित करीब 700 दुकानों को कंपोजिट कर दिया गया है, जिससे देशी और अंग्रेजी शराब दोनों की बिक्री एक ही स्थान पर होने लगी है। इस व्यवस्था से लगभग 1400 काउंटर संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा, इस वर्ष 30 नई दुकानों के उद्घाटन की भी घोषणा की गई है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार तेजी से बढ़ा है। अन्य राज्यों से तस्करी कर शराब लाई जा रही है तथा बिना होलोग्राम या नकली होलोग्राम वाली शराब तक सरकारी दुकानों में बेची जा रही है।

उन्होंने कहा कि पूरी सरकार शराब से होने वाली काली कमाई में लिप्त है और सत्ता में बैठे लोग अवैध शराब के जरिए अपनी जेबें भरने का काम कर रहे हैं।

वंदना राजपूत

प्रवक्ता

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी