रायपुर में फिल्म ‘दंगल द वीरनपुर’ की अंतिम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

 रायपुर/जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़।

छत्तीसगढ़ी पारिवारिक एवं सत्य घटनाओं पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दंगल द वीरनपुर’ की अंतिम प्रेस कॉन्फ्रेंस 2 अप्रैल को रायपुर में आयोजित की गई। इस दौरान फिल्म के निर्माता, निर्देशक और मुख्य कलाकारों ने मीडिया से चर्चा करते हुए फिल्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।











फिल्म के निर्माताओं ने बताया कि यह फिल्म 8 अप्रैल को साजा के बीरनपुर गांव में दो समुदायों के बीच हुई घटना पर आधारित है, जिसमें वर्तमान विधायक ईश्वर साहू के पुत्र भुनेश्वर साहू की दुखद हत्या हुई थी। यह घटना वर्ष 2024 में व्यापक रूप से चर्चित रही और इसके सामाजिक व राजनीतिक प्रभाव भी देखने को मिले।

इसी संवेदनशील और वास्तविक घटना को आधार बनाकर निर्माता हेमलाल चतुर्वेदी, रमेश नाग एवं अभिनेता पवन गांधी द्वारा इस फिल्म का निर्माण किया गया है।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म 3 अप्रैल से दोपहर 12 बजे से छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही, प्रीमियर शो में विधायक ईश्वर साहू की विशेष उपस्थिति भी रहेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निर्माता हेमलाल चतुर्वेदी ने अपनी आगामी परियोजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे बलौदा बाजार आगजनी कांड पर आधारित एक नई फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके लिए प्रारंभिक चर्चा पूरी हो चुकी है। जल्द ही इस फिल्म का मुहूर्त एवं कलाकारों का चयन किया जाएगा।

गौरतलब है कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग 21 मार्च को आयोजित की गई थी, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों ने फिल्म के कलाकारों से मुलाकात की। इस दौरान फिल्म की लीड अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा से भी सौजन्य भेंट कर फिल्म के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

न्यूज़ एजेंसी जांजगीर-चांपा के संवाददाता राकेश कुमार साहू ने बताया कि यह फिल्म पूरी तरह से सत्य घटनाओं पर आधारित है और निर्माता, निर्देशक एवं कलाकारों का यह संयुक्त प्रयास है कि दर्शकों के सामने एक सशक्त और संवेदनशील कहानी प्रस्तुत की जाए।

अंत में मीडिया परिवार की ओर से फिल्म ‘दंगल द वीरनपुर’ के सफल प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

✍️ राकेश कुमार साहू

न्यूज़ एजेंसी, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)