छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “दंगल द वीरनपुर” 3 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ | राकेश न्यूज़ एजेंसी
छत्तीसगढ़ की बहुचर्चित एवं विवादास्पद पारिवारिक फिल्म “दंगल द वीरनपुर” आगामी 3 अप्रैल से प्रदेश के समस्त सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है।
इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। विशेष बात यह है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के विधायक ईश्वर प्रसाद साहू अपने पूरे परिवार एवं टीम के साथ इस फिल्म को देखने के लिए जांजगीर स्थित श्याम टॉकीज पहुंचेंगे। वे दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे के प्रथम शो में फिल्म का आनंद लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री के भी इस फिल्म को देखने के लिए आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिल्म “दंगल द वीरनपुर” के निर्माता एवं निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी और रमेश कुमार नाग हैं। फिल्म में कलाकार पवन गांधी विधायक ईश्वर प्रसाद साहू की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा एवं डॉ. नेहा शुक्ला सहित कई कलाकारों ने फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह फिल्म कथित तौर पर सत्य घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है, जिसमें साहू समाज के प्रति हुए अत्याचार एवं एक विधायक के निजी जीवन को दर्शाया गया है। फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि विधायक ईश्वर प्रसाद साहू के पुत्र भुवनेश्वर प्रसाद साहू की हत्या की घटना किस प्रकार घटित होती है।
बताया जा रहा है कि इस फिल्म के निर्माण की अनुमति स्वयं विधायक ईश्वर प्रसाद साहू द्वारा दी गई थी, और अब वे स्वयं इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघर पहुंच रहे हैं।
हमारे संवाददाता राकेश कुमार साहू के अनुसार, फिल्म को लेकर कुछ लोगों द्वारा दुष्प्रचार भी किया जा रहा है, जबकि फिल्म निर्माताओं का दावा है कि यह समाज की सच्चाई को सामने लाने का प्रयास है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार साहू
जिला संवाददाता, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)

